बिसवां। बेनीपुर निवासी रामकिशोर बृहस्पतिवार को धोखाधड़ी का शिकार हो गए। वह बेलझरिया के एक एटीएम पर पैसे निकालने गए थे। इसी दौरान एक अज्ञात व्यक्ति ने उनका एटीएम कार्ड बदल दिया।
उनके मोबाइल पर बदले हुए कार्ड से 7 बार में कुल 1.48 लाख रुपये निकाले जाने का मेसेज आया। पीड़ित ने तुरंत बैंक और पुलिस को घटना की सूचना दी। कोतवाली प्रभारी मुकुल प्रकाश वर्मा ने बताया कि तहरीर नहीं मिली है।
धोखाधड़ी कर एटीएम से निकाले रुपये
सिधौली। रामपुर कलां के सुर्जनपुर निवासी दुर्गेश सिंह बृहस्पतिवार को कस्बे में बैंक ऑफ बड़ौदा के पास स्थित एटीएम से पैसे निकालने गए थे। उन्होंने अपने एसबीआई के एटीएम कार्ड से पैसे निकालने का प्रयास किया लेकिन सफल नहीं हो पाए तो एटीएम के बाहर खड़े अज्ञात व्यक्ति ने उनसे एटीएम कार्ड मांगकर मदद करने की पेशकश की।
इसके बाद एटीएम केबिन के अंदर पैसे निकालने का दिखावा किया। कुछ देर बाद बाहर निकलकर बताया कि पैसे नहीं निकल रहे हैं। इसके कुछ देर बाद दुर्गेश के मोबाइल पर उनके अकाउंट से 39 हजार रुपये निकलने का मेसेज आया। इसके बाद उन्हाेंने एटीएम कार्ड को ध्यान से देखा तो कार्ड बदला जा चुका था। दुर्गेश सिंह ने बताया कि उन्होंने कार्ड ब्लॉक कराने के साथ पुलिस को सूचना दे दी है। कोतवाली प्रभारी बलवंत शाही ने बताया कि केस दर्ज कर जांच की जा रही है।