मृतक की पत्नी भी झुलसी, रामकोट इलाके के शिवपुर गांव का मामला
रामकोट (सीतापुर)। थाना क्षेत्र के शिवपुर गांव में एक घर में चाय बनाते समय अचानक भीषण आग लग गई। आग बुझाने के प्रयास में गृहस्वामी का पड़ोसी जिंदा जल गया। उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में उसकी पत्नी भी बुरी तरह झुलस गई। अग्निकांड में बाइक सहित लाखों की संपत्ति जलकर नष्ट हो गई। ग्रामीणों ने आग पर काबू पाया।
रामकोट के शिवपुर गांव निवासी रामचंद्र की पत्नी सुशीला शनिवार को घर मेें चाय बना रही थी। इसी दौरान अचानक छप्पर में आग लग गई। जब तक परिवार के लोग कुछ समझा पाए तब तक आग बेकाबू हो गई। देखते ही देखते आग ने पूरे घर को अपनी आगोश में ले लिया। भीषण आग लगी देखकर ग्रामीण उसे बुझाने में जुट गए।
रामचंद्र का पड़ोसी व नौटंकी कलाकार चंद्रभाल (50) पुत्र रामभरोसे आग बुझाते समय जलते छप्पर के नीचे आ गया। जिससे वह वहीं पर जिंदा जल गया। साथ ही गृहस्वामी की पत्नी भी झुलस गई। उसे सदर अस्पताल भेजा गया। गांव के लोग बड़ी मुश्किल से आग बुझा पाए। आग बुझने के बाद चंद्रभाल का पूरी तरह जल चुका शव मिला।
अग्निकांड में बाइक सहित करीब पांच लाख की संपत्ति जलकर नष्ट हो गई। आग बुझाए जाने के बाद दमकल टीम मौके पर पहुंची। साथ ही नगर विधायक राकेश राठौर, सीओ सिटी योगेंद्र सिंह, मजिस्ट्रेट ने मौके पर पहुंच कर जांच की और पीड़ितों का हाल जाना। तहसील प्रशासन को भी पूरे मामले से अवगत करा दिया गया है।