फूलमालाओं और रंगीन झालरों से हो रही सजावट
सीतापुर। जिले में सोमवार को महाशिवरात्रि का धूमधाम से पर्व मनाया जाएगा। इस दिन शहर से लेकर गांव तक शिवालयों में भोले शंकर के जलाभिषेक के साथ ही जयकारे गूंजेंगे। इसको लेकर मंदिरों में तैयारी शुरू हो गई है। मंदिरों में सजावट व रंग रोगन का सिलसिला तेजी से चल रहा है।
महाशिवरात्रि में महज एक दिन ही बाकी है। इस दिन श्रद्धालु सुबह ही मंदिर पहुंचकर अपने आराध्य भगवान भोले की पूजा अर्चना करके उनकी आराधना करेंगे। इस दिन को खास बनाने के लिए मंदिरों को सजाने का सिलसिला जारी हो गया है। शहर के श्यामनाथ मंदिर व जंगलीनाथ मंदिर की साफ सफाई करके फूलमालाओं की झालर से सजाया जा रहा है।
रंगीन लाइटें लगाई जा रही है। भक्तों को कोई दिक्कत न हो, इसके लिए श्यामनाथ मंदिर में बैरीकेडिंग की जा रही है। इसी प्रकार लहरपुर व बिसवां के शिवाला मंदिर में तेजी से तैयारियों को अंतिम मुकाम दिया जा रहा है। वही मंदिर के बाहर दुकानदार भी सामान बेचने के लिए सामग्री एकत्र करने में जुट गए है।
कुंड में गंदगी का है अंबार
श्यामनाथ मंदिर परिसर में कुंड बना हुआ है। इसका पानी इतना गंदा है कि वह आचमन करने लायक नहीं है। कुंड में पानी की सतह पर काई जमी है और उसके आसपास गंदगी बिखरी है। यह हालात तब है जब महाशिवरात्रि को एक दिन ही शेष बचा है। फिर भी जिला प्रशासन इसकी अनदेखी कर रहा है।