लहरपुर (सीतापुर)। कोतवाली क्षेत्र में शनिवार देर रात अज्ञात कारणों से एक मकान में आग लग गई। लपटों से घरवालों की नींद टूटी तो जान बचाकर बाहर भागे। आपाधापी में एक महिला झुलसी गई जबकि नकदी समेत घरेलू सामान जलकर राख हो गया। ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत से आग पर काबू पाया।
थानाक्षेत्र के दारापुर गांव निवासी विजय सिंह के मकान में शनिवार की रात लगभग डेढ़ बजे अज्ञात कारणों से आग लग गई। लपटों की गर्मी महसूस होने पर घरवालों की आंख खुली तो आग से खुद को घिरा देख उनके होश उड़ गए। जान बचाने को सभी घर के बाहर निकल आए। इस घटना में विजय की बुआ विमला देवी झुलस गई।
शोरगुल सुनकर एकत्र हुए ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत के बाद किसी तरह आग पर काबू पाया। गृह स्वामी के मुताबिक हजारों की नकदी समेत घरेलू सामान का नुकसान हुआ है। क्षेत्रीय लेखपाल बलराम यादव ने रविवार को मौके पर पहुंचकर मुआयना किया।