महमूदाबाद, रामपुर मथुरा व खैराबाद में हुईं दुर्घटनाएं
सीतापुर। जिले के अलग-अलग थाना इलाकों में सड़क हादसों के दौरान एक महिला समेत तीन लोगों की मौत हो गई। पुलिस ने सभी के शव पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। एमडी कॉलेज के विद्यार्थियों की बस सोमवार को बड्डूपुर के पास बाइक सवार को बचाने के प्रयास में बेकाबू होकर सड़क किनारे लगे पेड़ से टकरा गई।
हादसे में बस सवार छात्रा नैंसी, रीना व प्रीति जख्मी हो गईं जबकि बाइक सवार अमित पुत्र राकेश निवासी बेहटी मानशाह भी गंभीर रूप से घायल हो गया। सभी घायलों को सीएचसी में भर्ती कराया गया। छात्राओं को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई जबकि बाइक सवार अमित की इलाज के दौरान मौत हो गई।
वहीं, रामपुर मथुरा थानाक्षेत्र के नहरवल मजरा उमरी निवासी गनेश सोमवार की दोपहर बाइक से कहीं जा रहा था। रामपुर मथुरा-चांदपुर मार्ग पर बखरिया मजार के पास टैंपो ने बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार के सिर पर चोट लगने के कारण उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बाइक सवार हेलमेट नहीं लगाए था। उधर रजनी (35) पत्नी सरोज अपने ससुर शिवले के साथ साइकिल से दवा लेने खैराबाद आई थी। वापस जाते समय भगौतीपुर के पास बाइक ने टक्कर मार दी। हादसे में ससुर व बहू गंभीर रूप से घायल हो गए। एंबुलेंस से जिला अस्पताल ले जाते समय रजनी की मौत हो गई।