महिला के शव की शिनाख्त नहीं, कमलापुर क्षेत्र में हादसा
कमलापुर (सीतापुर)। थाना क्षेत्र में शुक्रवार को एक कंटेनर ट्रक ने टैंपो में टक्कर मार दी। इससे टैंपो में सवार एक महिला की मौत हो गई। जबकि 11 लोग घायल हो गए। घायलों का इलाज सीएचसी सिधौली में कराया गया है। कई घायलों को नाजुक हालत में जिला अस्पताल रेफर किया गया है।
शुक्रवार को एक टैंपो सवारियों को लेकर सिधौली से बिसवां जा रहा था। रास्ते में सिधौली-बिसवां मार्ग पर कमलापुर थाना क्षेत्र के ग्राम रमपुरवा के निकट सामने से आ रहे कंटेनर ट्रक ने टैंपो में टक्कर मार दी। इससे टैंपो में सवार 58 वर्षीय एक महिला की मौत हो गई।
जबकि रामपुर कलां के नेवादा निवासी चंद्रशेखर, सिधौली के झरसौंवा निवासी गोलू, कमलापुर के जमरखा निवासी रामसनेही की पत्नी रामदेवी, पुत्र सोनू, सरैंया बल्देव सिंह निवासी श्यामलाल, संदना के रालामऊ निवासी रामकुमार की पुत्री अनुराधा देवी, लखनऊ के जानकीपुरम सेक्टर-एफ निवासी विवेक त्रिपाठी की पत्नी शुचि त्रिपाठी, इटौंजा के बहेरवा नेवादा निवासी मोहन की पत्नी मोहिनी देवी, भगवानदीन की पत्नी जदुरा देवी, संतराम की पत्नी सुनीता देवी व एक अन्य महिला गंभीर रूप से घायल हो गई।
स्थानीय नागरिकों ने आननफानन घायलों को दुर्घटनाग्रस्त टैंपो से निकालकर प्राइवेट वाहनों से सिधौली सीएचसी भेजा। थानाध्यक्ष संजीत सोनकर ने बताया कि हादसे में मारी गई महिला के शव की शिनाख्त के प्रयास किए जा रहे हैं।