सिटी मजिस्ट्रेट की अगुवाई में चला सघन चेकिंग अभियान, लालबाग से जेल रोड तक हुई छापेमारी
सीतापुर। पॉलिथीन प्रतिबंध के बाद सोमवार को जिला प्रशासन की नींद खुली। सिटी मजिस्ट्रेट की अगुवाई में लालबाग बाजार के अंदर सघन छापेमारी अभियान चलाया गया। इस दौरान विभिन्न दुकानदारों से करीब 40 किलो पॉलिथीन जब्त की गई।
कई जगहों पर व्यापारियों व अधिकारियों के बीच झड़प भी हुई। लेकिन पुलिस बल के आगे किसी की एक न चली। प्रदेश सरकार ने 50 माइक्रान से कम वाली पॉलिथीन को प्रतिबंधित कर दिया है। व्यापारियों को 15 जुलाई तक पॉलिथीन का स्टॉक समाप्त करने की मोहलत दी थी।
अभियान तो वैसे रविवार से चलना था। लेकिन अधिकारियों की सोमवार से अभियान की शुरुआत की। सिटी मजिस्ट्रेट हर्षदेव पांडेय की अगुवाई में लालबाग चौराहे से इसकी शुरुआत की गई। बड़े व्यापारी से लेकर ठेला खोमचों पर छापेमारी की गई।
कई दुकानदारों ने पॉलिथीन का स्टॉक खत्म होने की बात कही। लेकिन अधिकारियों को भरोसा नहीं हुआ तो उन्होंने दुकान चेक की तो वहां पर पॉलिथीन निकली। इस पर व्यापारियों को फटकार लगाई। वहीं थोक व्यापारियों के यहां पॉलिथीन नहीं मिली।
यह अभियान लालबाग चौराहे से शुरू होकर घंटाघर होते हुए ग्रीकगंज पहुंचा। यहां से हसनअली चौराहा होते हुए जेल रोड तक आया। उसके बाद टीम लालबाग चौराहे लौट आई। इस दौरान विभिन्न दुकानों से करीब 40 किलो पॉलिथीन जब्त की गई।
कई जगहों पर व्यापारियों ने मोहलत भी मांगी। लेकिन अधिकारियों ने इसे अनसुना कर दिया। कई व्यापारी विरोध करने को मुखर हो रहे थे लेकिन पुलिस बल की मौजूदगी के कारण उनकी एक न चली। अन्य व्यापारियों को चेतावनी दी गई है कि वह पॉलिथीन का कदापि इस्तेमाल न करें।
नगर पालिका के ईओ निहाल चंद का कहना है कि यह अभियान रोजाना चलता रहेगा। अब व्यापारियों को चेतावनी नहीं, सीधे कार्रवाई की जाएगी। इस दौरान डीएसओ अभय सिंह, अभिहित अधिकारी अरविंद कुमार यादव, एफएसओ विनय कुमार आदि अफसर मौजूद रहे।
टीम को देखते ही मची खलबली
सुबह करीब 11 बजे जैसे ही छापेमारी टीम लालबाग पहुंची व्यापारियों में खलबली मच गई। क्योंकि उनको दुकान खोले हुए कुछ ही समय बीता था। पहले तो व्यापारी यह समझ नहीं पाए आखिर यह टीम कहां जा रही है।
जैसे ही दुकानों पर पॉलिथीन चेक करने की शुरुआत हुई तो व्यापारी सकते में आ गए। उनको समझ आया कि पॉलिथीन जब्त हो जाएगी। ऐसे में व्यापारियों ने पॉलिथीन को ठिकाने लगाना शुुरू कर दिया। वहीं कुछ व्यापारियों ने दुकानों के अंदर ढककर रख लिया।
सड़क पर फैला रहे थे गंदगी, दिया जुर्माना
छापेमारी टीम ग्रीकगंज चौराहे पर अभियान चला रही थी। इस दौरान एक ठेला वाला सड़क पर ही गंदगी फैला रहा था। इससे पूरी सड़क गंदगी से पटी पड़ी थी। इस पर ईओ निहाल चंद ने सड़क पर गंदगी करने के कारण पांच सौ रुपये का जुर्माना लगाया है। ईओ का कहना है कि सड़क पर गंदगी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सीधे दोषी पर जुर्माना ठोंका जाएगा।