सूरज तमतमाया तो पारा कुलाचे मारकर 39 डिग्री पर पहुंचा
सीतापुर। गर्मी के तल्ख तेवरों ने एक बार फिर से जनजीवन को बेहाल कर दिया है। सुबह से ही सूरज की तमतमाहट से पारा कुलाचे मारता हुआ 39 डिग्री पर पहुंच गया। सोमवार को उमस भरी गर्मी एवं धूप के तल्ख तेवरों से लोग बेचैन हो उठे।
आलम यह रहा कि पंखे व कूलर भी गर्मी से राहत प्रदान करने में नाकाम साबित हुए। दोपहर के समय गर्मी ने बुरा हाल कर दिया। जिसके चलते लोग घरों, दफ्तरों व दुकानों में दुबके रहे। शहर की सड़कों व बाजार में आवाजाही कम रहने से सन्नाटा पसरा रहा। सूरज ढलने के बाद तपिश से राहत मिली तो लोग बाहर निकले। लेकिन उमस ने सुकून नही लेने दिया।
सोमवार को सूर्यदेव ने दिन निकलने के साथ ही अपना रौद्र रूप दिखाना शुरू कर दिया था। सुबह 10 बजे तक धूप का प्रकोप इतना तेज हो गया कि उमस एवं गर्मी के बीच सड़क पर कुछ दूरी तक चलना भी किसी बड़ी मुसीबत से कम नहीं लग रहा था। दोपहर के समय गर्मी से परेशान कई राहगीर शहर के पार्कों में अंगोछा बिछाकर पेड़ों की छांव में सुस्ताते नजर आए।
वहीं, पशु-पक्षी छांव वाले स्थानों में अपना आशियाना तलाशते दिखाई दिए। बाजारों में दोपहर के समय सन्नाटा रहा। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार, सोमवार को अधिकतम तापमान 39 डिग्री और न्यूनतम 30 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। गर्मी से राहत मिलने के आसार फिलहाल नही हैं।