महिला ने शिक्षकों पर लगाया मारपीट व अभद्रता का आरोप
लहरपुर (सीतापुर)। एक महिला ने शिक्षक पर मारपीट व अभद्रता का आरोप लगाया है। उसका आरोप है कि शिक्षक ने उसके बेटे का नाम भी स्कूल से काट दिया। घटना की सूचना पुलिस को दे दी गई है। लेकिन समाचार लिखे जाने तक पुलिस ने केस दर्ज नहीं किया था।
तालगांव इलाके के खदनियां गांव की शीला देवी पत्नी विनोद का कहना है कि उसकी पुत्री साधना व बेटा अजय क्षेत्र के दसलिया स्थित सरकारी स्कूल में पढ़ते हैं। उसका कहना है कि वह पुत्री की टीसी के लिए कांउटर साइन कराने सोमवार को स्कूल गई थी। आरोप है कि वहां शिक्षक नेकलाल व अशीष परिसर में टहलते हुए आपस में बात कर रहे थे। उसने कई बार टीसी पर कांउटर साइन कराने की बात कही, लेकिन उसकी बात को अनसुना कर दिया गया। इस पर वह नाराज हुई तो दोनों शिक्षकों ने उससे अभद्रता की और मारपीट की। साथ ही उसके बेटे अजय का कक्षा छह से नाम भी काट दिया गया। उसका कहना है कि मामले को लेकर थाने में तहरीर दी है। घटना को लेकर इंस्पेक्टर रमेश चंद यादव तहरीर मिलने की बात इंकार कर रहे हैं। उनका कहना है कि घटना की सूचना मिली है, लेकिन तहरीर नहीं मिली। तहरीर मिलने पर जांच कर कार्रवाई की जाएगी।