मोदी सरकार की प्रधानमंत्री आदर्श ग्राम योजना में जिले के 17 ब्लॉकों के 140 गांवों की सूरत बदलेगी। योजना में एससी आबादी के आधार पर चुने गए गांवों को बुनियादी सुविधाओं से लैस किया जाएगा।
यूपीए सरकार की ओर से कुछ राज्यों में शुरू की गई योजना को मोदी सरकार ने यूपी में भी लागू किया है। योजना के तहत ग्रामीण इलाके में बुनियादी सुविधाओं से सुसज्जित करने को केंद्र सरकार ने प्रधानमंत्री आदर्श ग्राम योजना चालू की है।
योजना में यूपी के चार जिले चयनित हुए हैं। इनमें सीतापुर के अलावा लखनऊ, सुल्तानपुर व पीलीभीत शामिल है। इसमें अनुसूचित जाति की आबादी वाले गांवों में बुनियादी सुविधाएं दुरुस्त की जाएंगी।
योजना में सीतापुर जिले में भी 2011 की जनगणना के अनुसार अनुसूचित जाति की जनसंख्या के आधार पर 17 ब्लॉकों में 140 गांव चयनित किए गए हैं। अब इन गांवों में योजना के विकास कार्यक्रम संचालित किए जाएंगे।
गांव में सड़क, जलनिकासी, पेयजल, स्वास्थ्य, शिक्षा, आवास की सुविधाओं से लैस किया जाएगा। इनके अलावा गांव में बैंक, डाकघर सहित फिजिकल व सोशल क्षेत्र में कार्य कराए जाएंगे।