सीतापुर। जिले में कोरोना ने तेजी से रफ्तार पकड़ ली है। गुरुवार को इस साल 2021 का रिकार्ड टूट गया। एक दिन में सर्वाधिक 14 लोग संक्रमित हुए हैं। इनमें महमूदाबाद इंस्पेक्टर, तीन पीएससी कर्मी समेत 14 लोग संक्रमित हुए हैं। जिले में अब एक्टिव केसों की संख्या 54 हो गई है।
कोरोना की दूसरी लहर शुरू हो गई है। अब रोजाना मामलों में काफी तेजी आ रही है। अगर पिछले रिकार्ड की बात की जाए तो अक्तूबर 2020 में 15 केस मिले थे। उसके बाद लगातार पॉजिटिव मामलों में गिरावट आ रही थी। जनवरी व फरवरी माह तक कोरोना के मामले एकदम शून्य हो गए थे। अब मार्च माह में फिर से तेजी आने लगी है।
गुरुवार को एक साथ 14 केस पॉजिटिव आए है। सीएचसी अधीक्षक सिधौली डॉ. राकेश वर्मा ने बताया कि महमूदाबाद इंस्पेक्टर ने सीएचसी में जांच कराई थी। वह पॉजिटिव निकले हैं। इंस्पेक्टर ने खुद को होम क्वारंटीन कर लिया है। तीन 27वीं बटालियन पीएससी कर्मी भी पॉजिटिव मिले है।
इसके अलावा चीनी मिल कालोनी, शेखसरायं बिसवां, लालबाग, ग्वालमंडी, अहमदापुर कंजा, रामपुर व हरगांव में केस मिले हैं, जबकि जिले में 83 लोगों की अब तक मौत हो चुकी है।
कोरोना के मामले जरूर बढ़ रहे है लेकिन इससे घबराने की नहीं बल्कि सावधानी से मुकाबला करने की जरूरत है। मास्क व सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करें।
- डॉ. पीके सिंह, एसीएमओ