सीतापुर। यूपी बोर्ड परीक्षा को नकलविहीन कराने के लिए प्रशासन ने कमर कस ली है। इसके तहत 133 परीक्षा केंद्रों को नौ भागों में बांटा गया है। एक भाग में 15 परीक्षा केंद्र शामिल किए गए हैं। इन केंद्रों की ऑनलाइन निगरानी होगी। डीआईओएस ऑफिस में कंट्रोल रूम तैयार किया जा रहा है। एक एलसीडी पर 15 केंद्र सेट किए जाएंगे। इसके लिए 9 एलसीडी लगाई जाएगी।
इसकी देखरेख का जिम्मा अतिरिक्त मजिस्ट्रेट प्रथम, जिला सूचना अधिकारी व एनआईसी को सौंपा गया है। माध्यमिक शिक्षा परिषद की हाईस्कूल व इंटरमीडिएट की बोर्ड परीक्षाएं आठ फरवरी से शुरू हो रही हैं। परीक्षा के लिए जिले में 133 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। इस बार इन केंद्रों की ऑनलाइन मॉनीटरिंग की जाएगी। इसके लिए प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर राउटर लगा दिए गए है। वाइस रिकार्डिंग सीसीटीवी कैमरा भी लग चुके है।
जिला प्रशासन का कहना है पूरी परीक्षा हर हाल में नकलविहीन कराई जाएगी। कॉलेजों में राउटर लगने के बाद डीआईओएस आफिस में कंट्रोल रूम बनाया जा रहा है। सुरक्षा की दृष्टि से 133 कॉलेजों को 9 भागों में बांट दिया गया है। 15 कॉलेजों पर एक एलसीडी लगाई जाएगी। एक एलसीडी पर 15 कॉलेजों के कैमरे सेट किए गए है। एक एलसीडी पर एक शिक्षक व एक कंप्यूटर सहायक की नियुक्ति कर दी गई है।
परीक्षा के दौरान सभी कॉलेजों पर बराबर निगरानी रखी जाएगी। इस निगरानी के दौरान अगर किसी कॉलेज में कोई गड़बड़ी मिलती है तो प्रधानाचार्य नोडल अफसर को उसकी जानकारी देकर तत्काल समस्या का निस्तारण कराएंगे। अगर तैनात कर्मचारी लापरवाही बरतते हैं तो उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।