सरिया काटने वाली ब्लेड की बरामदगी से चोर होने का अनुमान
बिसवां (सीतापुर)। कोतवाली इलाके में डूडा द्वारा आईएचएसडीपी योजना के अंतर्गत एक निर्माणाधीन कॉलोनी की बिल्डिंग से गिरकर एक अज्ञात व्यक्ति की मौत हो गई। मौके से सरिया काटने वाली आरी बरामद होने से अनुमान लगाया जा रहा कि सरिया काटते समय वह गिर गया। मृतक के चोर होने की संभावना भी जताई जा रही है। शव की शिनाख्त नहीं हो सकी है।
कोतवाली व नगर के बिसवां-जहांगीराबाद मार्ग के किनारे शारदा सहायक नहर तथा बाबा दुबे की समाधि के करीब आईएचएसडीपी योजना के तहत 252 आवास का एक भवन निर्माणाधीन है। बुधवार शाम करीब 6 बजे भवन के चौकीदार ने एक अज्ञात व्यक्ति का शव पड़ा होने की सूचना पुलिस को दी।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर छानबीन की तो वहां से एक सरिया काटने वाला ब्लेड बरामद हुआ। शव देख भवन के किसी मंजिल से गिरने का अनुमान लगाया जा रहा है। आशंका यह भी व्यक्त की जा रही है कि वह चोरी से भवन की सरिया काटने के दौरान नीचे गिर गया।
मृतक की शिनाख्त नही हो पाई है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक इकहरे बदन के करीब 38 साल के मृतक ने नीला व लाल रंग की जैकेट और काली पैंट व पैरों में जूते पहन रखा है। कोतवाली प्रभारी संजय कुमार पांडेय ने बताया कि प्रथम दृष्टया सरिया काटते समय घटना होने की बात सामने आ रही है। मृतक की शिनाख्त के प्रयास किए जा रहे हैं।