सीतापुर। प्राथमिक विद्यालय पीतपुर के मैदान में खेले जा रहे नाइट क्रिकेट टूर्नामेंट के लीग मैच में बेसिक टीचर क्रिकेट इलेवन रेड की टीम ने बेहद रोमांचक मुकाबले में अंसारी इलेवन को तीन विकेट से हरा दिया।
टॉस जीतकर अंसारी इलेवन टीम ने पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। लेकिन शुरुआत बहुत खराब रही, जिससे वह आखिरी ओवर तक उबर नहीं पाए। ज्ञानेंद्र, मुमताज, अवनीश और धीरेंद्र की कसी गेंदबाजी के आगे अंसारी इलेवन ने निर्धारित 10 ओवर में सिर्फ 65 रन बनाए। ज्ञानेंद्र ने तीन ओवर की गेंदबाजी में सिर्फ छह रन दिए।
जवाब में 66 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी बेसिक टीचर क्रिकेट इलेवन भी शुरुआत में लड़खड़ाई और जल्दी-जल्दी चार विकेट खो दिए। पर एक तरफ ओपनर सरोवर की बेहतरीन जिम्मेदारी भरी 22 रन की पारी और दीपक के नाजुक मौके पर बनाए 10 रन की मदद से बेसिक टीचर इलेवन ने एक ओवर पहले ही जीत दर्ज कर ली।
दीपक को उनके द्वारा किए गए तीन रन आउट और अच्छी बल्लेबाजी के लिए टीम मैनेजर नित्यानंद अग्निहोत्री की ओर से मैन ऑफ द मैच के पुरस्कार से सम्मानित किया गया। वहीं, दूसरे मैच में पीटर इंग्लैंड की टीम ने सचिन इलेवन को 20 रन से हरा दिया। पीटर इलेवन ने हसीन के 33 रन और दानिश के 25 रन की अच्छी पारियों की मदद से 81 रन बनाए।
जवाब में सचिन इलेवन सिर्फ 61 रन ही बना सकी। हसीन को मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार पप्पू मिश्र ने दिया। प्राथमिक विद्यालय गुरदासपुर खैराबाद के प्रधानाध्यापक राजकुमार सिंह ने बताया कि ये टूर्नामेंट बहुत लोकप्रिय हो रहा है, जिसे देखने के लिए आसपास के गांवों से सैकड़ों दर्शक आ रहे हैं। मैच के दौरान टूर्नामेंट कमेटी के आकाश सिंह, अंशुल शुक्ला, अभिषेक सिंह, ललित मिश्र, सोनू आदि मौजूद रहे।