सदरपुर में किशोरी हत्याकांड का पुलिस ने किया खुलासा, आरोपी गिरफ्तार
सीतापुर। सदरपुर थाना इलाके में पिछले दिनों किशोरी हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस के मुताबिक झूठी शान के लिए मां-बाप ने ही अपनी बेटी को मार डाला। वे अपनी बेटी के प्रेम संबंध को लेकर नाराज थे। पुलिस ने बेटी के कातिल मां-बाप को गिरफ्तार कर हत्या की गुत्थी सुलझा दी है।
जिले के थानाक्षेत्र सदरपुर अंर्तगत देबियापुर गांव के बाहर एक सप्ताह पूर्व रुहाना (14) पुत्री उस्मान का शव गन्ने के खेत में पड़ा पाया गया था। पुलिस के लिए यह ब्लाइंड मर्डर केस सुलझाना एक बड़ी चुनौती बन गई थी। एसपी ने रुहाना हत्याकांड की गुत्थी सुलझाने के लिए क्राइम ब्रांच को भी लगा दिया था।
पुलिस व क्राइम ब्रांच की तहकीकात में एक के बाद एक कड़ियां जुड़ती चली गईं। पुलिस लाइन में प्रेस कांफ्रेंस के दौरान एसपी प्रभाकर चौधरी ने बताया कि रुहाना के प्रेम प्रसंग से उसके मां-बाप नाराज थे। काफी समझाने पर भी जब रुहाना ने प्रेमी का साथ नहीं छोड़ा तो उसके मां-बाप ने गुस्से में आपा खोकर अपनी ही बेटी को मौत के घाट उतार दिया।
हत्या के बाद पुलिस को बरगलाने के लिए साक्ष्य मिटा दिए और मनगढ़ंत कहानी बनाकर सुना दी। एसपी ने बताया कि अपनी ही बेटी के कातिल मां-बाप ने अपने जुर्म का इकबाल कर लिया है।