सीतापुर। रामकोट थाना क्षेत्र में एक शराबी पति ने गर्म लोहे की रॉड से अपनी पत्नी व बच्चों को जमकर पीटा। इसे पत्नी व बच्चे बुरी तरह से जख्मी हो गए। पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
रामकोट के मढ़िया निवासी पंकज पांडेय क्षेत्र के मोहल्ला खूबपुर में परिवार के साथ रहता है। बताते हैं कि वह शराब पीने का आदी है। गुरुवार को जब पत्नी मंदाकिनी देवी ने शराब का विरोध किया, तब पंकज पांडेय भड़क गया और उसने लोहे की गर्म रॉड से मंदाकिनी पर ताबड़तोड़ प्रहार शुरू कर दिया।
चीख सुनकर पुत्री पलक (10) व पुत्र देव पांडेय (8) वहां पहुंचे और अपनी मां को बचाने का प्रयास करने लगे। लेकिन पंकज पर जुनून इस कदर सवार था, कि उसने बच्चों पर भी हमला कर दिया। चीख पुकार सुनकर मोहल्ले के नागरिक मौके पर पहुंचे और उन्होंने बीचबचाव करके विवाद शांत कराया।
लेकिन तब तक मंदाकिनी व उसके बच्चे जख्मी हो चुके थे। थानाध्यक्ष राजेंद्र शर्मा ने बताया कि केस दर्ज कर लिया गया है। महिला व उसके बच्चों को इलाज व मेडिकल परीक्षण के लिए भेजा गया है।