सरैंया। अमृतसर से सहरसा जा रही जननायक एक्सप्रेस से सोमवार देर रात मवेशी टकरा गए। हादसे में वैक्यूम पाइप फटने से ट्रेन के इंजन का पावर खत्म हो गया और गाड़ी मौके पर ही खड़ी हो गई। इस दौरान ट्रैक जाम होने से एक मालगाड़ी व बुढ़वल से बालामऊ जाने वाली पैसेंजर गाड़ी को सरैया स्टेशन पर रोकना पड़ा।
तीन घंटे तक ट्रैक जाम रहा। वहीं सरैया स्टेशन मास्टर ने हादसे की सूचना कंट्रोल रूम को दी। कंट्रोल रूम के निर्देश पर मालगाड़ी का इंजन जननायक एक्सप्रेस में जोड़कर उसे किसी तरह गंतव्य को रवाना किया जा सका। अमृतसर से बिहार के सहरसा जाने वाली जननायक एक्सप्रेस सीतापुर कैंट रेलवे स्टेशन से सोमवार शाम 5:25 पर निकली थी।
महमूदाबाद में ठहराव के बाद ट्रेन जब रामपुर कलां थानाक्षेत्र में शंकरपुर से कुछ दूर पहुंची तभी देर रात ट्रैक पर अचानक मवेशी आ गए। इंजन से मवेशियों के टकराने के कारण वैक्यूम पाइप फट गया। पाइप फटने से इंजन का पावर खत्म हो गया। चालकों ने काफी देर तक पावर सही करने का प्रयास किया, लेकिन कामयाबी नहीं मिली।
इसके बाद निकट के सरैया रेलवे स्टेशन मास्टर मुकेश गुप्त को सूचना दी गई। स्टेशन मास्टर मुकेश गुप्ता ने बताया कि सूचना देर रात करीब दस बजे के बाद मिली। इसके बाद कंट्रोल रूम को खबर दी गई। स्टेशन पर ट्रैक खाली होने के इंतजार में एक मालगाड़ी पहले से खड़ी थी।
इसी बीच बुढ़वल से चलकर बालामऊ जाने वाली पैसेंजर भी आकर खड़ी हो गई। ट्रैक बाधित होने से रेल संचालन ठप हो गया। बाद में मालगाड़ी के इंजन को लगाकर जननायक एक्सप्रेस को गंतव्य की ओर रवाना किया गया। जिसके बाद रेल संचालन बहाल हो गया। इस दौरान करीब तीन घंटे तक रेलवे ट्रैक बाधित रहा। इससे यात्रियों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा।