एसडीएम ने देखा तटीय क्षेत्र का हाल
बचाव कार्य में तेजी लाने को कहा, ग्रामीणों से ली जानकारी
सीतापुर। एसडीएम बिसवां दीपेंद्र यादव ने शारदा नदी के किनारे बसे गांवों में पहुंचकर नदी के कटान का हाल जाना। इस दौरान काशीपुर के निकट तटीय इलाके को बचाने के लिए स्टड बनाने के काम में तेजी लाने को कहा। वहीं ग्रामीणों से उनका हाल भी जाना और मदद का भरोसा दिया।
एसकडीएम मंगलवार की शाम काशीपुर पहुंचे। यहां पर शारदा नदी कटान कर रही है। यही वजह है कि यहां पर स्टड बनाने का काम चल रहा है। एसडीएम ने स्टड बनाने में इस्तेमाल होने वाली सामग्री की गुणवत्ता देखी और समय रहते काम पूरा करने को कहा। इस दौरान कार्यदायी संस्था के अधिकारियों ने बताया कि 10 जुलाई तक यहां पर काम पूरा कर लिया जाएगा। वहीं एसडीएम ने रास्ता ठीक करने को भी कहा। एसडीएम ने मल्लापुर, असईपुर व कम्हरिया गांवों का निरीक्षण किया और हाल जाना। निरीक्षण के बाद एसडीएम ने बताया कि काशीपुर के निकट नदी तीन स्थानों पर कटान कर सकती है। जहां पर प्रबल संभावना है, वहां पर बचाव का काम चल रहा है। वहां काम पूरा होते ही अगले स्थान को सुरक्षित किया जाएगा। एसडीएम ने बताया कि समय रहते बचाव कार्य पूरा कर लिया जाएगा।