पावर कॉर्पोरेशन की ओर से चलाए गए अभियान के पहले दिन शनिवार को शहर व खैराबाद में 13 लोगों को बिजली चोरी करते पकड़ा गया। जबकि चेकिंग में 32 के कनेक्शन काटे गए।
इसके एवज में दस लाख रुपये राजस्व भी वसूूला। उधर, सभी अफसरों व कर्मियों के 10 अक्तूबर तक के अवकाश रद कर दिए गए हैं। इस अवधि में अफसर-कार्मिक अपने क्षेत्रों में राजस्व वसूली को लेकर सघन अभियान चलाएंगे और 10 हजार से अधिक के बकायेदारों से वसूली करेंगे।
एसडीओ रवि कुमार की अगुवाई में सदर बाजार, आवास विकास कॉलोनी व खैराबाद में कैंप लगाए गए और घर-घर जाकर बिजली कनेक्शन की जांच की गई। एसडीओ ने बताया यह अभियान दस अक्तूबर तक चलेगा।
इस दौरान पूरे जिले में अवर अभियंता अपनी टीमों के साथ निकलेंगे और कनेक्शनों की जांच कर राजस्व वसूली का कार्य करेंगे। बताया कि अभियान के पहले दिन शनिवार को दस लाख रुपये की वसूली की गई।