सीतापुर। नौ विधानसभा क्षेत्रों की मतदाता सूचियां में दर्ज मतदाताओं से एसआईआर फॉर्म भराने और उसके डिजिटाइजेशन का काम किया जा रहा है। इसमें 1,28,364 ऐसे मतदाताओं की पहचान हुई है, जिनकी मृत्यु हो चुकी है। तकरीबन 7.65 फीसदी मतदाता दूसरी विधानसभा क्षेत्रों में शिफ्ट हो गए हैं।
जिले की 9 विधानसभा क्षेत्रों में अंकित 31 लाख 90 हजार 806 मतदाताओं के एसआईआर फॉर्म भरवाने और इसे जमा करने का काम चल रहा है। इस काम को पूरा करने के लिए निर्वाचन आयोग ने 11 दिसंबर की तिथि निर्धारित की है।
एसआईआर फॉर्म जमा करने के दौरान यह भी पता चला है कि एक लाख 28 हजार 362 मतदाताओं की मृत्यु हो चुकी है। इससे उनके फार्म जमा नहीं हुए हैं। साथ ही 2,44,132 मतदाता दूसरे क्षेत्र में शिफ्ट हो गए हैं। इससे इनकी ओर से फार्म जमा नहीं किए गए हैं।
एक लाख 86 हजार 359 मतदाता बताए गए पते पर मौजूद नहीं हैं। इसीलिए इन मतदाताओं के एसआईआर फॉर्म जमा नहीं हो सकें। सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी वीना बहुगुणा ने बताया कि कुल मतदाताओं में से छह लाख 34 हजार 774 मतदाताओं के गणना प्रपत्र एकत्र नहीं हो सके हैं। इसमें मृतक, शिफ्टेड, अनुपस्थित आदि मतदाता हैं।