कुतुबनगर (सीतापुर)। विद्या निकेतन डिग्री कॉलेज कुतुबनगर में एडमिशन की तय फीस से अधिक ली जा रही है। ज्यादा फीस न देने पर विद्यार्थियों को प्रवेश पत्र नहीं दिया जा रहा है। सोमवार को जब छात्र-छात्राओं ने अधिक फीस देने से इन्कार किया तो महाविद्यालय ने उन्हें प्रवेश पत्र नहीं दिया। इससे गुस्साए विद्यार्थियों ने हंगामा किया। काफी देर बाद संचालक ने उनको समझाकर शांत कराया।
मंगलवार से कानपुर विश्वविद्यालय की परीक्षाएं शुरू हो रही हैं। इसको लेकर सोमवार को महाविद्यालयों में प्रवेश पत्र वितरित करने की प्रक्रिया चल रही थी। विद्या निकेतन डिग्री कॉलेज में जब विद्यार्थी प्रवेश पत्र लेने पहुंचे तो उनसे अधिक फीस जमा करने को कहा गया। फीस न जमा करने पर प्रवेश पत्र देने से इन्कार कर दिया गया।
इससे आक्रोशित विद्यार्थी हंगामा करने लगे। बीए द्वितीय वर्ष के छात्र पुष्पेंद्र प्रताप सिंह का कहना है कि एडमिशन के समय 3700 रुपये फीस बताई गई थी। इस फीस को वह जमा कर चुके हैं। अब कॉलेज की ओर से 5200 रुपये मांगे जा रहे हैं। इसी प्रकार बीए प्रथम वर्ष के छात्र सूरज व रजनीश कुमार का कहना है कि कॉलेज की ओर से मनमानी की जा रही है।
एडमिशन के समय कुछ बताते हैं। जब प्रवेश पत्र लेने आओ तो वह फीस बढ़ा देते हैं। बीए तृतीय वर्ष के छात्र मनीष कुमार ने बताया कि एडमिशन के समय यह फीस नहीं बताई गई थी। अब प्रवेश पत्र मांगने पर अधिक फीस वसूल रहे हैं। इससे नाराज तमाम विद्यार्थी बिना प्रवेश पत्र लिए ही वापस चले गए।
संचालक निर्मल चौधरी ने कहा कि विद्यार्थियों को पहले ही फीस बता दी गई थी। अब लेट फीस जमा करनी पड़ रही है। यही जोड़कर बताया गया है। विद्यार्थियों को फीस न जमा करनी पड़े। इसलिए वे ऐसा कह रहे हैं।