नेरी (सीतापुर)। तहसील प्रशासन ने गुरुवार को राष्ट्रीय राजमार्ग पर चलाए गए अभियान में अवैध कब्जे हटाए गए। इस दौरान हाईवे से खोखे व तीन टिनशेड हटवाए गए। इससे वहां पर लोगों में अफरातफरी मची रही। साथ ही प्रशासन ने कब्जेदारों को अतिक्रमण के लिए तीन दिन की मोहलत भी दी। वरना अभियान चलाकर कब्जे हटाए जाएंगे।
मालूम हो कि सीतापुर-शाहजहांपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर नेरी गांव के समीप लोगों ने कब्जा कर अपनी दुकान रख रखी थीं। इससे न सिर्फ वहां पर जाम की समस्या खड़ी हो रही थी, बल्कि हर समय खतरे का अंदेशा भी बना रहता था। इसे देखते हुए जिला प्रशासन ने तहसील प्रशासन को हाईवे से कब्जे हटाने के आदेश दिए थे।
इस पर गुरुवार को एसडीएम नीरज पटेल, तहसीलदार अभिमन्यु वर्मा, प्रभारी निरीक्षक महोली कोतवाली धर्म प्रकाश शुक्ला समेत टीम नेरी चौराहे पर पहुंची। यहां पर जेसीबी सहित टीम को देख दुकानदारों में खलबली मच गई। यह देख कुछ दुकानदार अपना सामान समेटने में जुट गए।
बाद में टीम ने नेरी से पिसावां जाने वाले रास्ते पर अभियान चलाकर खोखे व तीन शेड हटवाए। वहीं जूनियर विद्यालय नेरी पर अवैध दुकानों को हटवाया गया। ग्राम पंचायत की जमीन पर काबिज इसरार को उपजिलाधिकारी महोली ने तीन दिन का समय दिया।
नहीं तो तहसील प्रशासन अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई करेगा। इस पर जुर्माना भी लगाया जाएगा। अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई करीब पांच छंटे तक चलती रही। इस अभियान में कानूनगो अनिल सिंह, लेखपाल कमल वर्मा, लेखपाल कुलदीप रस्तोगी उपस्थित थे।