थानगांव में सर्पदंश से बालिका की मौत
थानगांव (सीतापुर)। थाना क्षेत्र में शुक्रवार की दोपहर सर्पदंश से एक बालिका की मौत हो गई। बालिका घर में खेल रही थी, इसी बीच उसको सांप ने डस लिया था। सांप इस कदर जहरीला था कि बालिका ने एक घंटे बाद ही दम तोड़ दिया।
थाना क्षेत्र के ग्राम ग्वारी निवासी पप्पू की पुत्री रुखसार (10) शुक्रवार की दोपहर घर में खेल रही थी। बताते हैं कि जिस कमरे में बालिका थी, उसी में कोई जहरीला सांप बैठा था। बालिका खेल में मस्त थी, इसी बीच सांप ने उसको डस लिया।
सांप के काटने के बाद बालिका चीखती हुई बाहर आई और परिवार के सदस्यों को बताया कि उसे सांप ने डस लिया है। बताते हैं कि कुछ देर बाद ही बालिका की हालत बिगड़ने लगी, उसके मुंह से झाग निकलने लगा। परिवार के सदस्य बालिका को लेकर महमूदाबाद सीएचसी भागे, लेकिन उसने रास्ते में ही दम तोड़ दिया।
घटना के बाद परिवार बेहद दहशत में है। सांप किसी और को न डसे, इसके लिए परिवार के सदस्य व ग्रामीण बिल खोदकर सांप को तलाशने की जद्दोजहद में जुटे हुए हैं। समाचार लिखे जाने तक सांप नहीं मिल सका था।