एडी बेसिक ने की योजनाओं की समीक्षा
बीएसए को समायोजन में तेजी लाने के दिए निर्देश
सीतापुर। मंडलीय सहायक शिक्षा निदेशक महेंद्र सिंह राणा ने शुक्रवार को जनपद पहुंचकर बीएसए के साथ स्कूलों में चल रही योजनाओं की समीक्षा की। इस पर संतोष व्यक्त करते हुए उन्होंने ड्रेस वितरण में तेजी लाने के निर्देश दिए। एडी बेसिक ने शिक्षकों के समायोजन की प्रक्रिया के बारे में जानकारी ली जिसमें बीएसए पन्नाराम ने बताया सभी बीईओ को अपने ब्लॉक के सरप्लस शिक्षकों की सूची बनाने के निर्देश दिए गए है। काउंसलिंग करके इन शिक्षकों का समायोजन किया जाएगा। उसके बाद ड्रेस वितरण की समीक्षा की, जिसमें पाया सभी स्कूलों के खातों में पैसा भेजा जा चुका है। ड्रेस वितरण तेजी से चल रहा है। इसके बाद पाठ्य पुस्तकों के वितरण की जानकारी ली। बीएसए ने बताया शासन से पुस्तकें मिलते ही उनका सत्यापन कराकर स्कूलों को भेजा जा रहा है। एडी बेसिक ने पारदर्शिता के साथ जल्द ही समायोजन पूरा करने की हिदायत दी।