पत्रकार पर दबंग प्रधान ने किया हमला
खैराबाद (सीतापुर)। प्रधान व उसके साथियों ने एक चैनल के पत्रकार पर उस वक्त हमला बोल दिया जब वो अपने कैमरामैन के साथ आवास आवंटन में गड़बड़ी की खबर पाकर उनसे वार्ता करने गांव गया था। मामले को लेकर पत्रकार ने मुकदमा दर्ज कर दिया है। पुलिस का कहना है कि मामले में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। सुजावलपुर निवासी अविनाश कुमार एक निजी चैनल के पत्रकार होने के नाते अपने कैमरामैन के साथ परसेंडी ब्लॉक के मीरनगर गांव गए थे। पत्रकार के मुताबिक इस गांव से लगातार सूत्रों द्वारा आवास आवंटन में प्रधान द्वारा भारी घालमेल किये जाने की बात बताई जा रही थी जिस पर गुरुवार के दिन पत्रकार ग्रामीणों से इसी प्रकरण पर चर्चा व सवाल जवाब कर रहे थे। तभी प्रधान दिनेश जायसवाल, उसका बेटा मोनू जायसवाल और कुछ अज्ञात साथी आ धमके। आरोप है कि कैमरा बंद कर भाग जाने की धमकी देने लगे। विवाद और गाली गलौच देख पत्रकार वहां से जाने लगा। तभी गांव के बाहर प्रधान, प्रधान पुत्र अपने साथियों सहित रास्ते में खड़ा हो गया और हाथापाई करने लगा। साथ ही अपने नाजायज असलहे को दिखाते हुए जान से मारने की धमकी दी। मोबाइल तोड़ कर पैसे छीने जाने का भी आरोप लगाया जा रहा है। पत्रकार ने आरोपितों के खिलाफ खैराबाद थाने पर गुरुवार देर शाम तहरीर दी जिस पर एसओ बलबीर सिंह ने बताया कि आरोपियों विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर उनकी तलाश की जा रही है। खबर लिखे जाने तक किसी भी आरोपी गिरफ्तारी नही हुई थी। पत्रकार ने दबंग प्रधान से अपनी जान-माल का खतरा बताते हुए न्याय की मांग की है।