दो स्थानों से उड़ाया चार लाख का माल
थानगांव/तंबौर (सीतापुर)। चोरों ने शुक्रवार रात जहां थानगांव के एक घर में घुसकर नकदी, जेवर, बर्तन सहित करीब तीन लाख का माल पार कर दिया, वहीं तंबौर कस्बे में एक किराना दुकान से चोरों ने एक लाख रुपये का माल चोरी कर लिया। दोनों घटनाओं की सूचना संबंधित थाने की पुलिस को दे दी गई है।
थानगांव के गोकुलपुरवा मजरा मुजेहना गांव निवासी गुड्डी देवी पत्नी सोहनलाल बताया कि शुक्रवार रात उसके घर चोर किसी तरह घुस गए। जिसके बाद चोरों ने दो लाख की नकदी, जेवर, बर्तन व कपड़े सहित करीब तीन लाख का माल पार कर दिया। सुबह उसे घटना की जानकारी हुई। जिसके बाद उसने तहरीर दी। पुलिस का कहना है कि मामले में जांच की जा रही है। इसके अलावा तंबौर आजादनगर निवासी रफीक ने बताया कि उसकी गांजर इंटर कॉलेज तिराहे के पास किराना की दुकान है। शुक्रवार रात चोरों ने दुकान में नकब लगाकर लगभग एक लाख का माल चोरी कर लिया।