सीतापुर। जरूरतमंद परिवार की महिलाओं के पति की मृत्यु के बाद महिला पेंशन दिए जाने का प्रावधान है। इस योजना का लाभ पाने के लिए बीते दस माह से पात्र लाभार्थी इंतजार कर रही थीं। वे ऑनलाइन आवेदन करने के बाद भी लाभ नहीं पा सकीं थी। इस वित्तीय वर्ष में ऐसी करीब 12 हजार 40 महिलाओं का चयन पेंशन योजना के लिए किया गया है। अब उन्हें पेंशन योजना का लाभ मिलेगा।
गौरतलब है कि प्रोबेशन विभाग की ओर से पति की मृत्यु के बाद महिला पेंशन स्वीकृत की जाती है। इसके तहत एक साल में 12 हजार रुपये चार किस्तों में दिए जाते हैं। पिछले वित्तीय वर्ष में जिले की 70 हजार 195 महिलाओं को इसका लाभ मिला था। इस साल ऑनलाइन आवेदन करने वाली पात्र 12,040 महिलाओं की पेंशन अब स्वीकृत की गई है। इन्हें पहली बार पेंशन की धनराशि भेजी जाएगी।
सत्यापन में बाहर हुई 1193 लाभार्थी
प्रत्येक वर्ष विधवा पेंशन पाने वाली महिलाओं का सत्यापन कराया जाता है। इस वर्ष पेंशन पा रहीं 70 हजार 195 लाभार्थियों का सत्यापन कराया गया। इस सत्यापन में पेंशन पा रही 1193 महिलाएं मृत पाई गईं। वहीं 15 अपात्र दिखीं। इसी क्रम में नये आवेदनों में से 12,040 पात्र महिलाओं को सूची में जोड़ लिया गया। अब कुल 81 हजार 27 महिलाओं को पेंशन की सुविधा मिलेगी।
- प्रिया पटेल, जिला प्रोबेशन अधिकारी
डाॅ.दिनेश मालिक