सीतापुर। जिले में कोरोना का कहर अब और तेज हो गया है। संक्रमित मरीजों के मिलने के साथ ही पॉजिटिव मरीजों की मौत भी होने लगी है। पिछले तीन दिन से लगातार जिले में कोरोना से मौतें हो रही है। ये हालात भयावह होने की ओर इशारा कर रहे हैं। गुरुवार को एक और संक्रमित महिला की कोरोना से मौत हो गई। सेवता विधायक ज्ञान तिवारी समेत 118 लोग संक्रमित पाए गए हैं। जिले में कोरोना से मरने वालों का आंकड़ा 18 और मरीजों की संख्या 3092 पहुंच गई है। मरीजों को अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।
रामकोट कस्बे की एक महिला तीन दिन पहले जिला अस्पताल गई थी। हालात गंभीर होने पर चिकित्सकों ने कोरोना की जांच कराई, जिसमें वह पॉजिटिव निकली। इसके बाद जिला अस्पताल परिसर में बने एल-टू हॉस्पिटल में एडमिट करा दिया गया था। गुरुवार को इलाज के दौरान महिला की मौत हो गई। जिले में कोरोना से यह 18वीं मौत हुई है। महिला का कोविड प्रोटोकॉल के अनुसार अंतिम संस्कार कर दिया गया है।
सीएचसी रेउसा का एक कर्मी, रेउसा ब्लॉक के दो कर्मी, कोतवाली महमूदाबाद का एक पुलिसकर्मी, पीएचसी खुरवल का एक स्वास्थ्य कर्मी, तहसील सिधौली का एक कर्मी, चार कर्मी सिविल कोर्ट सीतापुर में पॉजिटिव हुए है। महमूदाबाद के कैथीटोला मोहल्ले में पांच लोग पॉजिटिव आए है। सबसे अधिक आंख अस्पताल के आठ कर्मी पॉजिटिव हुए है। तीन लोग सरवागी टोला महमूदाबाद से पॉजिटिव हुए है। अब जिले में मरीजों की संख्या 3092 पहुंच गई है। सीएमओ डॉ. आलोक वर्मा ने बताया कि मरीजों को भर्ती कराकर इलाज शुरू करा दिया गया है।