प्रधान व ग्राम पंचायत सदस्य पदों के चुनाव की मतगणना के लिए न्याय पंचायतवार टेबल लगेंगी। यहां के 19 ब्लॉकों के 219 न्याय पंचायतों में 1164 टेबल लगाई जाएंगी। प्रशासन ने वोटों की गिनती के लिए न्याय पंचायत वार टेबलों का निर्धारण कर दिया है।
सीतापुर जनपद में चार चरण में पंचायत चुनाव कराए जा रहे हैं। मतदान कार्य निपटने के बाद चारों चरणों की मतगणना एक साथ ब्लॉकों के चयनित मतगणना स्थलों पर होगी। यह कार्य 12 दिसंबर को होगा। यह नतीजे आउट होने तक चलेगी।
सुरक्षा प्राप्त लोग नहीं बन सकेंगे एजेंट
मतगणना कक्ष में उम्मीदवार या निर्वाचन अभिकर्त्ता या उसके मतगणना एजेंट तीनों में से एक व्यक्ति ही एक समय में रह सकता है।
प्रत्येक टेबल के अनुसार मतगणना एजेंट बनाए जा सकेंगे। वहीं किसी सुरक्षा प्राप्त को मतगणना एजेंट नहीं बनाया जा सकेगा। साथ ही मतगणना स्थल पर किसी सुरक्षा प्राप्त को अथवा उसके अंगरक्षक को शस्त्र के साथ प्रवेश की इजाजत नहीं होगी।
स्ट्रांग रूमों की होगी वीडियोग्राफी
मतगणना को लेकर निर्धारित किए गए स्ट्रांग रूम की वीडियोग्राफी हेतु विकास खंडवार सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे। रिकार्ड की गई वीडियो को मतगणना प्रक्रिया पूर्ण होने तक सकुशल सुरक्षित रखा जाएगा।