आरोपियों की गिरफ्तारी व आर्थिक सहायता की मांग को लेकर हुआ प्रदर्शन
कमलापुर (सीतापुर)। पानीपत से लौट कर गांव आए युवक का शव रविवार की सुबह फंदे पर यूं ही लटका नहीं मिला था। बल्कि प्रेम प्रसंग के चलते उसकी हत्या करने के बाद शव को लटका दिया गया था। परिवार के लोगों ने हत्या की आशंका से एक युवती व उसके परिवार के लोगों पर केस दर्ज कराया है।
पोस्टमार्टम से भी युवक की हत्या की पुष्टि हुई है। गुस्साए मृतक के परिवारीजन ने कुछ मांगों को लेकर मंगलवार शाम तक शव का अंतिम संस्कार नहीं किया। कमलापुर इलाके में रविवार सुबह मेंहदौली गांव के पास क्षेत्र के ही नारायणपुर मजरा मंगूपुर गांव निवासी 22 वर्षीय खुशीराम पुत्र मैकू का शव के राजेश के खेत में पेड़ पर फंदे से लटका मिला था।
उसके पैर जमीन से लगे हुए थे। जिससे हत्या की आशंका जताई जा रही थी। युवक घटना से कुछ दिन पूर्व ही पानीपत से लौटा था। उसके परिवार के लोग जब वापस आए तो उन लोगों ने मेंहदौली गांव की पिंकी व उसके अज्ञात कई परिवारीजन पर हत्या का आरोप लगाया था। पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए शव को भेजा था।
साथ ही तहरीर के आधार पर युवती आदि के खिलाफ केस दर्ज कर लिया था। युवक के परिवारीजन का कहना है कि पिंकी से मृतक का प्रेम प्रसंग था। उसके बुलाने पर खुशीराम गया था और वहां उसकी हत्या कर शव को फंदे से लटका दिया गया। सोमवार रात युवक का शव पोस्टमार्टम के बाद गांव पहुंचा।
परिवार के लोगों ने उसका अंतिम संस्कार करने से इंकार कर दिया। मंगलवार पूरा दिन शव रखा रहा। मांग थी, कि हत्या आरोपियों की गिरफ्तारी की जाए और आश्रितों को मुआवजा मिले। इस मांग को देखते हुए एसडीएम व सीओ सिधौली अंकित कुमार मौके पर पहुंचे।
इन लोगों ने मृतक आश्रितों को किसान दुर्घटना बीमा, मुख्यमंत्री राहत कोष व पारिवारिक लाभ योजना के तहत मदद व आरोपियों की गिरफ्तारी का आश्वासन दिया। जिसके बाद परिवार के लोगों ने शव का अंतिम संस्कार किया।
इस दौरान वहां भारी पुलिस बल मौजूद रहा। सीओ सिधौली अंकित कुमार का कहना है कि युवक की हत्या के मामले में उसके परिवार के लोगों ने पिंकी व उसके परिवार के कुछ अन्य लोगों के खिलाफ केस दर्ज कराया है। मामले की जांच की जा रही है।