मृतक के पिता ने गांव के ही चार लोगों पर दर्ज कराया हत्या का केस
लहरपुर (सीतापुर)। कोतवाली इलाके में चार साल के एक मासूम का कत्ल कर शव पानी भरे गड्ढे में फेंक दिया गया। शव बरामद होने पर इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक के पिता ने गांव के ही चार लोगों के विरुद्ध हत्या का केस दर्ज कराया है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर पड़ताल शुरू कर दी है।
स्थानीय कोतवाली क्षेत्र के तारनपुर गांव में रहने वाले इमामी खां का चार साल का बेटा शाहिद खान शुक्रवार की शाम करीब छह बजे घर के बाहर खेल रहा था। अचानक वह रहस्यमय तरीके से लापता हो गया। इमामी जब मजदूरी कर घर लौटा तो बेटे के गुम होनी की जानकारी मिली।
इसके बाद शाहिद की तलाश शुरू की गई। इसी बीच रात करीब नौ बजे घर के पास पानी भरे एक गड्ढे से लापता शाहिद का शव पड़ा पाया गया। मासूम का शव मिलने की सूचना अतीक ने उसकी तलाश में जुटे इमामी को दी।
इमामी ने घटना की सूचना पुलिस को देते हुए गांव के ही सगे भाई इरफान व छोटन्न के अलावा इकरार, गुड्डू पर हत्या का आरोप लगाया। प्रत्यक्षदर्शी भी मासूम की हत्या किए जाने की आशंका जता रहे हैं। क्योंकि जिस गड्ढे से शव बरामद किया गया उसमें डूबने भर का पानी नहीं है।
कोतवाली प्रभारी चैंपियनलाल ने बताया कि चारों आरोपियों के विरुद्ध हत्या का केस दर्ज करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पीएम रिपोर्ट आने पर मौत की स्पष्ट वजह पता चल सकेगी। फिलहाल आरोपों के आधार पर पड़ताल की जा रही है।