पिछले दो साल के मांगें दस्तावेज, न देने पर नोटिस जारी
सीतापुर। आयकर विभाग की टीम ने बुधवार को नगर पालिका सीतापुर में छापेमारी की। इस टीम ने आयकर सर्वे के लिए पिछले दो बरस के वित्तीय दस्तावेज मांगें मगर ईओ व अकाउंट अफसर मौजूद न होने से विभाग द्वारा टीम को दस्तावेज उपलब्ध कराए नहीं गए। इस पर टीम ने पालिका प्रशासन को नोटिस जारी किया है। इसके जरिए गुरुवार को वित्तीय दस्तावेज मुहैया कराने को कहा है।
आयकर विभाग के बरेली डिवीजन के आयकर अधिकारी सीपी श्रीवास्तव, आयकर निरीक्षक (टीडीएस) शिवदीप सिंह, आयकर निरीक्षक प्रशांत कुमार, प्रफुल्ल वर्मा की टीम नगर पालिका पहुंची। टीम ने सबसे पहले पिछले दो साल की स्टेटस रिपोर्ट मांगीं।
बाद में कर्मचारियों से टीडीएस जमा करने की बात पूछी। वहीं इस दौरान किस मद से कितना खर्च व क्या संसाधन खरीदें गए। इसकी जानकारी तलब की है। लेकिन ईओ व अकाउंट अफसर मौजूद न होने की वजह से टीम को दस्तावेज नहीं दिए जा सके।
आयकर अधिकारी सीपी श्रीवास्तव ने बताया कि पालिका प्रशासन को नोटिस जारी कर उन्हें गुरुवार को दस्तावेज देने के निर्देश दिए हैं। इससे नगर पालिका परिसर में हड़कंप मच गया। कर्मचारी एक दूसरे से टीम के बारे में पूछते रहे। ईओ निहाल चंद बुधवार को लखनऊ में आयोजित एक मीटिंग में गए थे। उन्होंने बताया कि टीम को सभी दस्तावेज दिए जाएंगे।