सीतापुर। एक खाताधारक के खाते से धोखाधड़ी कर निकाली गई 36 हजार की रकम के मामले में न्यायालय ने इलाहाबाद यूपी ग्रामीण बैंक सीतारसोई के शाखा प्रबंधक व कैशियर के खिलाफ केस दर्ज करने के आदेश कमलापुर पुलिस को दिए हैं। पीड़ित की शिकायत पर अपर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट सुनीता सिंह नागौर ने यह कार्रवाई की है।
कमलापुर के भगवनापुर मजरा सीतारसोई निवासी प्यारेलाल यादव ने 156(3) के तहत न्यायालय में प्रार्थना पत्र देकर बताया कि इलाहाबाद यूपी ग्रामीण बैंक की शाखा सीतारसोई में उसका खाता है। 26 जून 2015 को उसके खाते से 36 हजार रुपये धोखाधड़ी कर निकाल लिए गए।
बैंक में पासबुक की इंट्री कराने के दौरान जानकारी होने पर मैनेजर व कैशियर से इसकी शिकायत की। शिकायत करने पर मैनेजर ने उसे बैंक से भगा दिया। बताया कि जब कहीं सुनवाई नहीं हुई तो न्यायालय की शरण लेनी पड़ी। मामले की सुनवाई करते हुए कोर्ट ने इलाहाबाद यूपी ग्रामीण बैंक शाखा सीतारसोई के प्रबंधक व कैशियर के खिलाफ केस दर्ज करने कर जांच का आदेश कमलापुर पुलिस को दिया है।