ट्रक ने बाइक सवारों को कुचला, मां-बेटी की मौत
हरगांव। सूर्यकुंड तीर्थ पर चल रहे कार्तिक पूर्णिमा मेला देखकर बहनोई के साथ बाइक से घर जा रही मां-बेटी को सामने से आ रहे ट्रक ने रौंद दिया।
हादसे में मां-बेटी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बहनोई बुरी तरह से जख्मी हो गया। उसे सीएचसी हरगांव में भर्ती कराया गया है।
हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन छोड़कर मौके से भाग निकला। पुलिस ने ट्रक कब्जे में ले लिया है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक बाइक सवार ने हेलमेट नहीं पहन रखा था।
थानाक्षेत्र के रवासी गांव निवासी रामफल की पत्नी आशा (35) अपनी बेटी सोनी (5) को साथ लेकर पति के बहनोई फरीदपुर निवासी राम प्रकाश के संग हरगांव में कार्तिक पूर्णिमा मेला देखने आई थी।
मेला देखकर गुरुवार शाम करीब 4:30 बजे ये लोग बाइक से रवासी जा रहे थे। रास्ते में कोरैय्या उदनापुर ईंट-भट्ठे के पास विपरीत दिशा से आ रहे एक ट्रक ने बाइक में टक्कर मार दी।
हादसे में बाइक सवार आशा व उसकी बेटी सोनी की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि राम प्रकाश बुरी तरह से जख्मी हो गया। हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन मौके पर ही छोड़कर भाग निकला।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल राम प्रकाश को सीएचसी हरगांव में भर्ती कराया है। पुलिस ने ट्रक को कब्जे में ले लिया है।