सीतापुर। कुएं में गिरे तेंदुए को निकालने के लिए लखनऊ से विशेषज्ञों की टीम बुलाई गई है। गांव में वन विभाग, पुलिस व दमकल विभाग के अफसर और कर्मी डेरा डाले हुए हैं। कुएं को फिलहाल तख्त से ढक दिया गया है। देर रात तक मौके पर ग्रामीण जमे हुए थे।
सदरपुर थाना क्षेत्र के खाफाकला गांव में रविवार की शाम शिकार की तलाश में पहुंचा तेंदुआ जमीन के बराबर एक कुएं में गिर गया। सूचना पाकर रेंजर अनूप पांडेय टीम सहित गांव पहुंचे और हालात देखे। सदरपुर थाना प्रभारी सूर्यबली पांडेय, महमूदाबाद से दमकल विभाग की टीम भी मौके पर पहुंच गई है।
वन रेंजर अनूप पांडेय ने बताया कि कुएं से तेंदुए को निकालने के लिए लखनऊ से वन विभाग के विशेषज्ञों की टीम बुलाई गई है। तब तक एहतियात के तौर पर कुएं को तख्त से ढक दिया गया है। टीम के आने का इंतजार किया जा रहा है।
विशेषज्ञों की टीम आकर तेंदुए को कुएं से बाहर निकालेगी। उधर, कुएं में गिरा तेंदुआ लगातार दहाड़ रहा है। लाइट लगने पर तेंदुआ काफी तेज दहाड़ता है। उसकी दहाड़ से इलाका रह-रहकर गूंज उठता है।
सुबह रेस्क्यू ऑपरेशन होने की उम्मीद
गांव में संसाधनों का अभाव व रात होने तथा लखनऊ से वन विभाग के विशेषज्ञों की टीम न पहुंचने से फिलहाल तेंदुआ कुएं में ही है। संभावना जताई जा रही है कि सुबह रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया जाएगा।