रामपुर कलां थाना क्षेत्र में वारदात, पीड़ित ने दी तहरीर
रामपुर कलां (सीतापुर)। थाना क्षेत्र में बुधवार को बाइक सवार बदमाशों ने साइकिल सवार पिता-पुत्री को लूट लिया। बताते हैं कि पुत्री अपनी ससुराल से मायके आ रही थी। इसी बीच वह लूट का शिकार हो गई। दिनदहाड़े हुई लूट की इस वारदात से इलाके में सनसनी फैल गई है। पुलिस घटना की जांच की बात कह रही है।
थाना क्षेत्र के ग्राम शिवरा निवासी राकेश की पुत्री रूबी हरदोई जिले के अतरौली थाना क्षेत्र के धनाखेड़ा निवासी संजय को ब्याही है। बुधवार को वह अपने मायके के लिए घर से निकली थी। बताते हैं कि वह कंदुनी के निकट बस से उतरी। वहां पर पिता राकेश पहले से ही खड़ा था।
राकेश अपनी पुत्री को साइकिल पर बैठाकर घर के लिए चल दिया। रास्ते में कंदुनी रामपुर कलां मार्ग पर ग्राम कौरासा के निकट बाइक सवार दो सशस्त्र बदमाशों ने साइकिल को रोक लिया। इसके बाद बदमाशों ने तमंचों से धमकाते हुए उनके पास मौजूद 20 हजार की नकदी व सोने-चांदी के जेवर लूट लिए।
इसके बाद बदमाश मुंह न खोलने की धमकी देते हुए मौके से भाग गए। पीड़ितों की माने तो कौरासा गांव के लोग लूट की वारदात को तो जान गए थे, लेकिन बदमाशों के हाथों में असलहे देखकर वे बचाव की हिम्मत नहीं कर सके। पीड़ित ने इस संबंध में थाने में तहरीर दी है। पुलिस घटना में जांच की बात कह रही है।