इमलिया सुल्तानपुर, रेउसा, महमूदाबाद व बिसवां में वारदात
इमलिया सुल्तानपुर/रेउसा (सीतापुर)। अलग-अलग थाना क्षेत्रों में चोरों ने चार घरों से लाखों का माल पार कर दिया। पीड़ितों में एक ग्राम प्रधान का घर भी शामिल है। वारदातें इमलिया सुल्तानपुर, रेउसा, महमूदाबाद व बिसवां कोतवाली क्षेत्र की हैं। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
इमलिया सुल्तानपुर के ग्राम हाजीपुर बेलगवां निवासी फरहत खां उर्फ बुद्धा की पत्नी ग्राम प्रधान हैं। उनके साथ भाई काजू खां का परिवार भी रहता है। बुधवार की रात परिवारीजन घर में सो रहे थे। रात के अंतिम पहर में चोर घर में घुस गए और भीतर रखे बक्से व अलमारी के ताले तोड़ डाले।
इसके बाद चोरों ने वहां रखी 3 लाख 25 हजार की नकदी, सोने-चांदी के जेवर समेट लिए। बताते हैं कि चोर दो मंजिल की खिड़क से धोती बांधकर नीचे उतर रहे थे, इसी बीच गांव के मुन्ना ने देख लिया। मुन्ना के शोर मचाने पर प्रधान का परिवार को जाग गया, लेकिन चोर वहां से निकल भागे।
फरहत ने बताया कि चोर करीब 10 लाख रुपये का माल समेट ले गए हैं। इसमें सात लाख के सोने-चांदी के जेवर हैं और बाकी नकदी थी। सूचना मिलते ही फिंगर एक्सपर्ट टीम मौके पर पहुंची और साक्ष्यों को सुरक्षित किया।
इस संबंध में थानाध्यक्ष राय साहब द्विवेदी ने बताया कि वारदात की जांच की जा रही है। उधर, रेउसा के ग्राम निवासी श्रवण कुमार व उसका परिवार घर में सो रहा था। रात्रि के किसी पहर में चोर घर में घुस गए और सोने-चांदी के जेवर समेट ले गए।
महमूदाबाद के ग्राम पासा निवासी शिवम मिश्रा घर घुसे चोरों ने 5000 की नकदी व अन्य सामान समेट लिया। बिसवां के ग्राम मिल्की टोला निवासी अरबाज अहमद के घर से चोर आठ हजार की नकदी, सोने-चांदी के जेवर समेट कर निकल भागे।