देर रात तक की जाती रही घरों की साफ-सफाई
सीतापुर। ईद को लेकर शुक्रवार को बाजारों में अच्छी-खासी रौनक रही। सबसे अधिक भीड़ मेंहदी रचाने के लिए दुकानों पर देखी गई। जबकि सेवई खरीदने वालों की संख्या भी कुछ कम नहीं थी। कपड़ों, जूते-चप्पल व मिठाई की दुकानें भी ग्राहकों की भीड़ से भरी नजर आई। देर रात तक मुस्लिम समुदाय के लोग ईद को लेकर खरीदारी में मशगूल रहे।
ईद-उल-फितर का त्योहार शनिवार को है। ईद की तैयारियों को मुकम्मल करने के लिए शुक्रवार को मुस्लिम समुदाय दिन भर मशगूल हा। सुबह से ही बाजारों में गहमागहमी नजर आने लगी। बड़े जहां खाने-पीने की चीजों की खरीदारी करते देखे गए। वहीं युवा और बच्चे अपने कपड़ों से लेकर जूते-चप्पल खरीदने में व्यस्त रहे।
शाम होते-होते बाजार में भीड़ बढ़ती गई। आलम यह रहा कि दुकानदारों को एक पल भी फुर्सत नही मिल रही थी। औरतें खुद की चीजों के अलावा बनाए जाने वाले पकवानों को लेकर खरीदारी करने में मशगूल रहीं। वहीं, जिन लोगों ने खरीदारी पहले ही कर रखी थी वह अपने घरों की साफ-सफाई करने में जुटे रहे।
अंधेरा घिरते ही चांद रात की खुशियां भी फिजां में बिखरने लगीं। शहर में देर रात तक ईद की रौनक नजर आई। बाजार में राह चलते लोग खरीदारी के साथ एक-दूसरे को ईद की बधाई देना नही भूल रहे थे।