फंदे पर लटका मिला ससुराल गए युवक का शव
परिवारीजन ने जताई हत्या की आशंका
अमर उजाला ब्यूरो
महोली (सीतापुर)। ससुराल गए युवक का शव संदिग्ध हालात में फंदे पर लटकता मिला। युवक के परिवारीजन ने ससुराल पक्ष पर हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है।
महोली कोतवाली क्षेत्र के ग्राम जलालपुर निवासी अजीत (28) की पत्नी रामदेवी अपने मायके कोतवाली क्षेत्र के ग्राम टिकरा आई थी। दो दिन पहले अजीत पत्नी को विदा कराने जलालपुर निवासी सिंगू के घर गया था। वहां से अजीत संदिग्ध हालात में गायब हो गया। टिकरा गांव के बाहर नहर के करीब एक कंजी के पेड़ पर ग्रामीणों ने सुबह के वक्त अजीत का शव फंदे पर लटका देखा। खबर फैलते ही अजीत के परिवार के सदस्य मौके पर पहुंच गए। युवक के चाचा सुरेश कुमार ने घटना में हत्या का संदेह जताया है। परिवार के सदस्यों ने आरोप लगाया है कि ससुराल पक्ष अजीत को परेशान कर रहा था। या तो ससुराल पक्ष ने हत्या करके शव फंदे पर लटका दिया है। या फिर ससुराल पक्ष की प्रताड़ना व पत्नी की बेरुखी से तंग आकर युवक ने आत्महत्या कर ली। प्रभारी निरीक्षक एके राय ने बताया कि पोस्टमार्टम के बाद ही मौत का कारण स्पष्ट हो पाएगा। पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।