आज से युवा बनाएं जाएंगे वोटर
सीतापुर। केंद्रीय चुनाव आयोग के आदेश पर विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों में वोटर बनने से वंचित मतदाताओं के लिए एक बार फिर अभियान चलेेगा। एक जुलाई से 31 जुलाई तक अभियान चलाया जाएगा। इसमें 18 से 21 वर्ष के युवाओं को वोटर बनाया जाएगा। इसके लिए उनसे आवेदन स्वीकार किए जाएंगे। जिलाधिकारी डॉ. सारिका मोहन ने बताया कि इस अभियान के तहत 9 तथा 23 जुलाई को विशेष अभियान की तिथियां तय की गई हैं। अभियान में जिला मुख्यालय के किसी बड़े कालेज में एक कार्यक्रम आयोजित कर कार्यक्रम को शुभारंभ किया जाएगा। इसी प्रकार तहसील स्तर पर उपजिलाधिकारी द्वारा तथा बूथ स्तर पर बीएलओ द्वारा कार्यक्रम आयोजित किए जाएं और रजिस्ट्रेशन किया जाएगा। उन्होंने शिक्षण संस्थाओं में भी संबंधित जिला स्तरीय अधिकारी/ सेक्टर अधिकारियों को पंजीकरण कार्यक्रम का शुभारंभ कराने के निर्देश दिए।