मिश्रिख (सीतापुर)। कोचपुर में आम के बाग में लकड़कट्टों ने कई पेड़ काट डाले। सूचना पर एसडीएम ने नायब तहसीलदार को मौके पर भेजा। नायब तहसीलदार ने मौके पर चार ट्रक, तीन ट्रैक्टर व एक पिकअप को लोड लकड़ी के साथ पुलिस के हवाले कर दिया।
कोचपुर मजरा आंट निवासी रंगामौर्य व घुन्ना मौर्य के आम के बाग में आम, नीम, जामुन, गूलर आदि के करीब 100 पेड़ लगे थे। वन माफिया ने शुक्रवार रात दर्जनों लकड़कट्टे लगाकर पूरा बाग कटवा दिया। सूचना पर पहुंचे नायब तहसीलदार अजय कुमार ने संरक्षित पेड़ों की लकड़ी लदे वाहनों को जब्त करते हुए पुलिस के सुपुर्द कर दिया।
यहीं नहीं शुक्रवार रात कस्बे में भी बिना परमिट के पेड़ काटे जा रहे थे, उन्हें भी पकड़ा। फारेस्टर डिंपल शर्मा ने बताया कि जांच की जा रही है। आंट चौकी इंचार्ज राधेश्याम ने बताया कि परमिट की लकड़ी थी। मंडी समिति के सहायक आरके शर्मा ने बताया कि संबंधित पर जुर्माना लगाया गया है। वन क्षेत्राधिकारी सिकंदर सिंह ने बताया कि जांच की जा रही है। 60 पेड़ों का परमिट था। परमिट की कॉपी मांगने पर नहीं दी गई।
लकड़ी से लदे सभी वाहनों को चेक करने पर परमिट किसी दूसरे व्यक्ति के नाम से होना पाया गया। ओवरलोडिंग के चलते सभी को मंडी समिति व पुलिस के हवाले कर दिया गया है।
- अजय कुमार, नायब तहसीलदार