सीतापुर। जिले में एक माह तक विधानसभा की वोटर लिस्ट से मतदाताओं का सत्यापन किया गया। इस दरम्यान 10312 युवाओं को चिन्हित किया गया है। इनकी उम्र 18 से 19 साल है। अब इनको मतदाता सूची में शामिल करके पहली बार वोट डालने का अवसर मिलेगा। इसके लिए युवाओं से मतदाता फार्म भरवा लिए गए हैं। जल्द ही इन्हें सूची में शामिल करके वोटर कार्ड दिया जाएगा।
जिले की नौ विधानसभा क्षेत्रों के 31 लाख 30 हजार 251 मतदाताओं का सत्यापन किया गया। महोली विधान सभा में 1189 युवा मतदाता चिंहित किए गए हैं। इसी तरह सीतापुर में 1752, हरगांव मे सर्वाधिक 1924, लहरपुर में 598, बिसवां में 615, सेवता में 512, महमूदाबाद में 1863, सिधौली में 1092 और विधान सभा मिश्रिख में 767 युवा मतदाता चिंहित किए गए हैं। इन्हें वोटर बनाने के लिए फार्म-6 भरा गया है। इनके नाम मतदाता सूची में जोड़ा जा रहा है।
70 साल से अधिक आयु के 3783 मतदाता मिले मृतक
प्रभारी सहायक जिला निर्वाचन अफसर अशोक कुमार ने बताया कि जिले में 70 साल से अधिक उम्र के मतदाताओं की संख्या 69569 है। सभी का सत्यापन कराया गया। इनमें से 65756 मतदाता निवास करते मिले, जबकि 3783 मतदाता मृत पाए गए हैं। 473 मतदाताओं ने अपना निवास बदला है।