सीतापुर। कमलापुर थाना पुलिस ने कम्हरिया चौराहे पर बैरियर लगा कर अवैध शराब का कारोबार करने वाले दस तस्करों को दबोचा। उनके पास भारी मात्रा में अल्कोहल, तीन कार, एक पिकअप, एक बुलेट बरामद की है।
एसपी एलआर कुमार ने प्रेसवार्ता में बताया कि कमलापुर एसओ आरबी सुमन पुलिस टीम के साथ मंगलवार की रात इलाके में सिधौली मार्ग पर कम्हरिया चौराहे के पास बैरियर लगा कर चेकिंग कर रहे थे।
इस दौरान पुलिस टीम ने एक के बाद एक पिकअप, तीन कारों व एक बाइक सहित कई वाहनों को रोक कर तलाशी ली। वाहनों में सवार लोगों से पूछताछ की तो बड़ा मामला सामने आया।
दबोचे गए दस लोग अल्कोहल के अवैध तस्कर निकले। तस्करी का मामला संज्ञान में आने पर कमलापुर पुलिस ने उच्चाधिकारियों को सूचना दी। पुलिस ने एक पिकअप, तीन कारें, एक बुलेट बरामद कर करीब सात सौ लीटर बरामद की। पुलिस का कहना है कि बरामद अल्कोहल अवैध रूप से तस्करी कर ले जाया जा रहा था।
पुलिस ने सदरपुर इलाके के दिबियापुर निवासी अवधेश, बिसवां के कोटरा निवासी शिवम, अवधेश व भाष्कर अवस्थी, तालगांव इलाके के धर्मपुर गांव निवासी सुनील कुमार, बाराबंकी जिले के मोहम्मदपुर खाला इलाके के कैथा गांव निवासी अशोक उर्फ गब्बर, मिरचू वर्मा, हरगांव के केशरूआ निवासी शिवम मिश्रा, विनीत मिश्रा व इसी थाना क्षेत्र के बृजनगर निवासी सर्वेश जायसवाल को दबोचा है।
पुलिस का कहना है कि आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उन्हें जेल भेज दिया गया है। जानकारी होने पर जांच के लिए आबकारी विभाग की टीम भी पहुंची थी। खुलासा करने वाली कमलापुर इंस्पेक्टर आरबी सुमन सहित उनकी पुलिस टीम को एसपी एलआर कुमार ने शाबासी दी है।