महोली/सीतापुर। कोरोना की तीसरी लहर की आशंका पर स्वास्थ्य महकमा सतर्क है। महोली सीएचसी में 10 बेड का चिल्ड्रेन वार्ड बनाया जा रहा है। जल्द ही यहां बाल रोग विशेषज्ञों की तैनाती की जाएगी। जुलाई में यह वार्ड बच्चों के लिए शुरू हो जाएगा। कोरोना की दूसरी लहर अब समाप्ति की ओर है। लेकिन इस लहर से लोग आज भी सदमे में हैं।
महोली में तमाम लोग संक्रमित होने के बाद अस्पताल से घर नहीं लौटे। आज भी उनके परिजन कोरोना का नाम लेते ही सिहर उठते हैं। अब जब एक्सपर्ट द्वारा तीसरी लहर आने की आशंका जताई जा रही है, ऐसे में स्वास्थ्य विभाग ने भी तैयारियां शुरू कर दी हैं। सीएचसी में 10 बेड का एल-1 प्लस चिल्ड्रेन वार्ड बनाए जाने की तैयारी हो रही है। अस्पताल प्रशासन का कहना है कि जल्द सभी व्यवस्थाएं पूरी कर ली जाएंगी। बाल रोग विशेषज्ञ की तैनाती भी अस्पताल में की जाएगी।
बच्चों के खानपान का रखें ध्यान
अधीक्षक डॉ. इमरान अली ने बताया कि लोग सतर्क व सावधान रहें। कोविड प्रोटोकॉल का पालन करें। अनावश्यक रूप से बाहर जाने से परहेज करें। बच्चों के खानपान का विशेष ख्याल रखें। वैक्सीनेशन कोरोना से बचाव का सबसे बेहतर विकल्प है। वैक्सीनेशन पूर्ण होने पर कोरोना की संभावित तीसरी लहर बेअसर साबित होगी। इसलिए अपनी बारी आने पर वैक्सीनेशन जरूर करवाएं। कोविशील्ड व कोवैक्सिन को लेकर भ्रमित न हों। दोनों वैक्सीन असरदार व सुरक्षित हैं।