आॅफिसर्स कालोनी में सफाई कार्य करते एसएसबी के जवान।
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो
मुख्यालय के आफिसर्स कालोनी में तैनात सफाई कर्मियों की लापरवाही के कारण वहां बढ़ती गंदगी को हटाने के लि एसएसबी जवानों को बीड़ा उठाना पड़ा। सोमवार सुबह कालोनी की गंदगी को एसएसबी के जवानों ने फावड़ा उठा लिया। तीन दिनों के इस अभियान में कालोनी को साफ-सुथरा किया।
अधिकारियों की शिकायतों का भी सफाई कर्मियों पर कोई असर नहीं पड़ रहा है। डिप्टी कमांडर रवि खन्ना के निर्देश पर एसएसबी के पांच जवानों की टोली ने आफिसर्स कालोनी में सफाई अभियान की शुरूआत की।
मुख्य आरक्षी बाला दत्त के नेतृत्व में पहुंची टीम ने सबसे पहले कालोनी में झाड़ू लगाया। जाम नालियों को फावड़े से साफ किया। इसके बाद कूड़े को कालोनी के पीछे एकत्र करके जलाने का काम किया।
जवानों ने कालोनी में रखे जर्जर कूड़ा ढोने वाले ठेला को भी हटाने का प्रयास किया लेकिन सफल नहीं हो सके। ठेला में डाला गया कूड़ा जम चुका था, उसे दूसरे दिन साफ करने का प्लान बनाया गया। सफाई टोली में आरक्षी मुकेश, बाई बोरो, ललित ठाकरे, प्रदीप कुमार शामिल रहे।
इस संबंध में अधिशासी अधिकारी नगर पालिका राजीव रंजन ने कहा कि आफिसर्स कालोनी में सफाई कर्मी की तैनाती की गई है। सफाई कार्य भी किया जाता है। अगर गंदगी है तो कर्मचारी के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। जर्जर कूड़ा ठेला को जल्द ही बदला जाएगा।