तुलसियापुर। ढेबरुआ थाना क्षेत्र के खजुरिया शर्की के मुकेश गौतम (21) की ड्यूटी के लिए लखनऊ लौटते समय तेज रफ्तार वाहन की चपेट में आने से बृहस्पतिवार को मौत हो गई। लखनऊ के पास हुए हादसे के बाद वहीं पोस्टमार्टम कराने के बाद उसका शव ढेबरुवा स्थित गांव लाया गया, जहां नम आंखों से परिजन ने अंतिम संस्कार किया। मौत के बाद गांव में मातम का माहौल है।
जानकारी के अनुसार, क्षेत्र के खजुरिया शर्की के रहने वाले मुकेश गौतम (21) पुत्र ओमप्रकाश गौतम लखनऊ में एक कंपनी में सुपरवाइजर के पद पर कार्यरत था। बताया जा रहा है कि बृहस्पतिवार की सुबह लगभग नौ बजे ड्यूटी पर जाते समय लखनऊ में ही कहीं तेज रफ्तार चार पहिया वाहन की चपेट में आ गया। हादसे में उसकी मौके पर ही उसकी मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया था। अंतिम संस्कार करने के लिए परिजन शव को खजुरिया शर्की ले आए, जहां शुक्रवार को अंतिम संस्कार किया गया। परिजनों के मुताबिक मृतक अपने माता-पिता के दो पुत्रों में बड़ा था। छोटा भाई उमेश अभी पढ़ाई कर रहा है। मृतक अविवाहित था। उसी के ऊपर परिवार के भरण-पोषण की जिम्मेदारी थी। उसकी मौत पर पूरा परिवार टूट गया। मृतक की मां शांति देवी रो-रोकर बेहोश हो जा रही थी। रिश्तेदार और गांव के लोग परिवार के लोगों को सांत्वना देते दिखाई दिए।