परतावल। श्यामदेउरवां थाना क्षेत्र के ग्राम सभा कुसुम्हा टोला सोनिया निवासी युवक की सऊदी अरब में सड़क हादसे में मौत हो गई। सोमवार दोपहर परिजनों को घटना की सूचना मिली तो परिवार में कोहराम मच गया। युवक अपने पीछे पत्नी और आठ माह का मासूम बेटा छोड़ गया है।
जानकारी के अनुसार, कुसुम्हा टोला सोनिया गांव निवासी 31 वर्षीय संतोष राजभर सऊदी अरब की राजधानी रियाद में लोडर चालक के रूप में कार्यरत थे। सोमवार सुबह ड्यूटी के दौरान हुए सड़क हादसे में उनकी मौत हो गई। दोपहर करीब एक बजे परिजनों को घटना की जानकारी मिली, जिसके बाद घर में चीख-पुकार मच गई।
परिजनों ने बताया कि संतोष रोजगार के सिलसिले में कई वर्षों से सऊदी अरब में रहकर काम कर रहे थे। करीब एक वर्ष पहले वह छुट्टी पर गांव आए थे और कुछ समय बाद वापस सऊदी लौट गए थे। उनके पिता भी सऊदी अरब के हाफर अल-बातिन क्षेत्र में रहकर काम करते हैं।
संतोष की शादी करीब दो वर्ष पहले देवरिया जिले के बैतालपुर थाना क्षेत्र स्थित औरा चौरी गांव में हुई थी। परिवार में पत्नी और आठ माह का बेटा है। पति की मौत की खबर मिलते ही पत्नी का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं मासूम बेटे के सिर से पिता का साया उठ गया। परिवार के अन्य सदस्य भी गहरे सदमे में हैं। घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है। रिश्तेदार और ग्रामीण लगातार पीड़ित परिवार को सांत्वना देने पहुंच रहे हैं। परिजन सऊदी अरब से पार्थिव शरीर को भारत लाने की प्रक्रिया में जुटे हैं।