करंट की चपेट में आने से युवक की मौत
परिजनों ने पुलिस को सूचना दिए बगैर शव का अंतिम संस्कार कर दिया
चिल्हिया थानाक्षेत्र के संतोरा गांव के टोला खरबिंदडीह में देर रात की घटना
संवाद न्यूज एजेंसी
चिल्हिया। थानाक्षेत्र के संतोरा गांव में शुक्रवार रात खेत की ओर गया एक युवक खेत में लगे बिजली के तार के संपर्क में आ गया। उसमें करंट प्रवाहित होने की वजह से उसकी जान चली गई। मामले की जानकारी मिलते ही परिजन मौके पर जाकर शव को घर ले आए और पुलिस को सूचना दिए बिना अंतिम संस्कार कर दिया।
क्षेत्र के संतोरा गांव के टोला खरबिंदडीह गांव निवासी एक व्यक्ति सब्जी की खेती करता है। जानवरों से फसल को बचाने के लिए उसने खेत के चार तरफ बिजली के तार से घेर दिया है। बताया जा रहा है कि खेत में पशु न जाएं, इसलिए उसने करंट की सप्लाई कर देता है। गांव का राकेश उर्फ लालू (18) पुत्र कुट्टी शुक्रवार देर शाम खेत की ओर गया था। इसी बीच वह घेरे गए तार के संपर्क में आ गया। उसमें बिजली प्रवाहित हो रही थी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। मामले की जानकारी मिलते ही परिजन खेत में पहुंच गए। इसके बाद शव को ले आए और पुलिस को सूचना दिए बगैर उसका अंतिम संस्कार कर दिया। प्रभारी निरीक्षक चिल्हिया दिनेशचंद चौधरी ने बताया कि इस प्रकार की घटना की उन्हें सूचना नहीं है और न ही कोई शिकायती पत्र मिला है। अगर मिलता है तो मामले की जांच करके कार्रवाई की जाएगी।