ट्रक की चपेट में आने से युवक की मौत
डुमरियागंज। स्थानीय कस्बे में रविवार की रात साइकिल सवार युवक को ट्रक ने रौंद दिया। युवक की मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने ट्रक चालक को गिरफ्तार कर लिया।
डुमरियागंज थाना क्षेत्र के बैदौलागढ़ चौराहा निवासी पंकज अग्रहरि (38) रविवार की शाम साइकिल से डुमरियागंज किसी काम से आए थे। वापस लौटते समय वह अभी जिला परिषद मार्केट के पास ही पहुंचे थे कि बस्ती की तरफ से आ रहे ट्रक की चपेट में आ गए। वह गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे की सूचना पाकर मौके पर युवक के घर के लोग पहुंच गए।
वहां से युवक को बस्ती जिला अस्पताल ले जाया गया। मगर इलाज के दौरान पंकज की मौत हो गई। परिजन शव को लेकर डुमरियागंज थाने पर आए। वहां से शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। इस संबंध में डुमरियागंज इंस्पेक्टर शैलेश सिंह ने बताया कि हादसे की जानकारी है। तहरीर मिली है। मुकदमा दर्ज कर ड्राइवर का चालान कर दिया गया।