कार की चपेट में आकर युवक की मौत
एक गंभीर रूप से घायल, मेडिकल कॉलेज गोरखपुर रेफर
थाना क्षेत्र के स्थानीय कस्बे में देर रात हुई घटना
संवाद न्यूज एजेंसी
इटवा। थाना क्षेत्र के कस्बे में बृहस्पतिवार देर रात परिजनों को भोजन पहुंचाने जा रहे तीन युवक एक कार की चपेट में आ गए। इस दुर्घटना में एक की मौत हो गई जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। तीसरे युवक को चोट नहीं आई। घायल को स्थानीय सीएचसी पहुंचाया गया। इसके बाद जिला अस्पताल ले जाया गया लेकिन वहां भी हालत गंभीर बनी रही जिससे चिकित्सकों ने गोरखपुर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया।
थाना क्षेत्र के ग्राम मझौवा निवासी शकील (21), लक्कू (20) व रहमान (17) इटवा कस्बे में किसी परिजन को खाना देकर लौट रहे थे। वे तीनों कस्बे के बढ़नी रोड पर स्थित बड़ी मस्जिद के पास पहुंचे ही थे कि बढ़नी की तरफ से आ रही एक कार ने पीछे से अपने चपेट में ले लिया। हादसे में लक्कू व रहमान गंभीर रूप से घायल हो गए। आसपास के लोगों ने घायलावस्था में उन्हें इटवा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर देख चिकित्सकों ने दोनों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया। जहां इलाज के दौरान रहमान की मौत हो गई और लक्कू को मेडिकल कॉलेज अस्पताल गोरखपुर रेफर कर दिया गया। परिजनों ने पुलिस को तहरीर देकर न्याय की गुहार लगाई है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। थानाध्यक्ष इटवा वेद प्रकाश श्रीवास्तव का कहना है कि मृतक के पिता इब्बन की तहरीर पर संबंधित धारा में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच करके कार्रवाई की जाएगी।